रायपुर, 29 मई। Water Crisis : राजधानी रायपुर में भीषण गर्मी के साथ पानी का संकट लगातार गहराता जा रहा है। हालात इतने खराब हो चुके हैं कि शहर के करीब 20 वार्डों में पहली बार टैंकर के जरिए जलापूर्ति करनी पड़ रही है। लगातार गिरते ग्राउंड वाटर लेवल और सूखते बोरवेल ने नगर निगम की चिंता बढ़ा दी है।
120 बोरवेल सूखे, बढ़ी परेशानी
नगर निगम ने पहले 93 बोरवेल के जरिए पानी सप्लाई की व्यवस्था की थी, लेकिन गर्मी और गिरते जलस्तर को देखते हुए इसे बढ़ाकर 120 किया गया। इसके बावजूद हालात ऐसे बने कि सभी 120 बोरवेल सूख गए और अब वे अनुपयोगी हो चुके हैं। इसका सीधा असर शहर की जलापूर्ति व्यवस्था पर पड़ा है। जिन इलाकों में पहले कभी टैंकर की जरूरत नहीं पड़ी, वहां अब रोजाना टैंकर दौड़ रहे हैं।
इन वार्डों में पहली बार टैंकर से सप्लाई
पं. रविशंकर शुक्ल वार्ड, भनपुरी का यतियतनलाल वार्ड, बंजारी माता वार्ड के अलावा खम्हारडीह, जोरा, लाभांडी, चंगोराभाठा, गीतांजली नगर, मोवा, सड्डू और कचना जैसे इलाकों में पहले से ही पानी संकट बना हुआ था।
65 टैंकर, रोज 650 फेरे
भीषण गर्मी के बीच नगर निगम और ठेकेदारों के करीब, 65 निजी टैंकर और 20 निगम टैंकर रोजाना लगभग 650 फेरे लगाकर पानी सप्लाई कर रहे हैं। कई इलाकों में लोग दोपहर की तेज धूप में टैंकर का इंतजार करने को मजबूर हैं।
भनपुरी में दो टंकियां फिर भी संकट
भनपुरी क्षेत्र में, 32 लाख लीटर क्षमता की नई टंकी, 10 लाख लीटर क्षमता की पुरानी टंकी होने के बावजूद दोनों वार्डों में पर्याप्त सप्लाई नहीं हो पा रही है। यतियतनलाल वार्ड में रोजाना 2 टैंकर से पानी पहुंचाया जा रहा है।
पार्षद नंदकुमार साहू के मुताबिक, टंकियां पूरी नहीं भर पा रही हैं, जिससे लो प्रेशर की समस्या बनी हुई है। विजय नगर और गोवर्धन नगर जैसे इलाकों में लोगों को मुश्किल से एक-दो बाल्टी पानी मिल पा रहा है।
अमृत मिशन के बाद बढ़ी परेशानी?
पं. रविशंकर शुक्ल वार्ड के पार्षद और नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी का कहना है कि अमृत मिशन के तहत नई पाइपलाइन और मेन लाइन से कनेक्शन के बाद से जलसंकट बढ़ गया है।
अब अर्जुन गली, शिवमंदिर गली, यादवपारा और धोबीपारा के टेल एंड तक पानी नहीं पहुंच रहा। इसी वजह से पहली बार यहां भी रोज 2 टैंकर से जलापूर्ति करनी पड़ रही है।
निगम अधिकारी ने क्या कहा?
नगर निगम जल विभाग के ईई नरसिंग फरेंद्र ने बताया कि इस बार ग्राउंड वाटर लेवल बेहद नीचे चला गया है। भनपुरी समेत कई नए क्षेत्रों में पहली बार टैंकर से पानी सप्लाई करनी पड़ रही है। निगम लगातार इंटर कनेक्शन और सप्लाई सुधारने का प्रयास कर रहा है।
