धमतरी, 29मई| Dhamtari Skeleton Case: धमतरी जिले के ग्राम खरेंगा में अवैध रेत खनन का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। गांव के पुराने श्मशान घाट में रेत उत्खनन के दौरान 10 से ज्यादा नरकंकाल मिलने के दावे से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश और डर का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को गांव में मनरेगा के तहत कार्य चल रहा था। इसी दौरान ग्रामीणों को सूचना मिली कि श्मशान घाट क्षेत्र में अवैध रूप से रेत निकाली जा रही है। जब लोग मौके पर पहुंचे तो वहां का दृश्य देखकर दंग रह गए। खुदाई के दौरान जगह-जगह इंसानी कंकाल और मानव अवशेष बिखरे पड़े थे। मौके पर रेत से भरे ट्रैक्टर भी खड़े मिले, लेकिन ग्रामीणों को आता देख चालक वाहन छोड़कर फरार हो गए।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से रेत माफिया सक्रिय हैं और लगातार अवैध उत्खनन किया जा रहा था। पंचायत और ग्राम विकास समिति की ओर से पहले ही मुनादी कराकर श्मशान घाट क्षेत्र में खुदाई पर रोक लगाने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद कार्रवाई नहीं हुई और खनन जारी रहा।
गांव वालों का कहना है कि कुछ मानव अवशेष हाल के प्रतीत हो रहे थे, जिससे लोगों में दहशत और भी बढ़ गई है। अब ग्रामीण प्रशासन और खनिज विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं कि आखिर इतनी बड़ी अवैध खुदाई लंबे समय तक कैसे चलती रही।
ग्राम सरपंच नीलम साहू ने मामले को बेहद गंभीर बताते हुए जिला प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस और प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
