मशहूर शेफ पंकज भदौरिया को ब्रेस्ट कैंसर…सोशल मीडिया पर किया भावुक संदेश

मशहूर शेफ पंकज भदौरिया को ब्रेस्ट कैंसर…सोशल मीडिया पर किया भावुक संदेश

दिल्ली, 29मई| MasterChef India की पहली सीजन की विजेता और लोकप्रिय सेलिब्रिटी शेफ पंकज भदौरिया इन दिनों अपने स्वास्थ्य को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए बताया कि उन्हें ब्रेस्ट कैंसर का पता चला है।

28 मई को पंकज भदौरिया ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर अस्पताल से कुछ तस्वीरें और वीडियो साझा किए। इन तस्वीरों में वे अस्पताल के बेड पर नजर आ रही हैं और उनके शरीर पर मेडिकल उपकरण लगे हुए दिखाई दे रहे हैं। हमेशा मुस्कुराती और सकारात्मक नजर आने वाली पंकज को इस स्थिति में देखकर उनके प्रशंसक काफी भावुक हो गए।

अपने पोस्ट में पंकज ने अपने फॉलोअर्स को परिवार जैसा बताते हुए कहा कि वह यह बात उनसे छिपाना नहीं चाहती थीं। उन्होंने सभी से अपने लिए दुआ करने की अपील भी की है।

पंकज भदौरिया का सफर भी बेहद प्रेरणादायक रहा है। वे साल 2010 से पहले लखनऊ के एक स्कूल में करीब 16 साल तक अंग्रेजी की शिक्षिका रहीं। इसके बाद उन्होंने नौकरी छोड़कर MasterChef India में हिस्सा लिया और अपनी बेहतरीन कुकिंग स्किल्स के दम पर विजेता बनीं। जीत के बाद उन्होंने कई कुकिंग शो होस्ट किए और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी अपनी मजबूत पहचान बनाई।

Breaking News