Twisha Sharma Case: ट्विशा शर्मा मौत केस में बड़ा मोड़…सास रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह गिरफ्तार

Twisha Sharma Case: ट्विशा शर्मा मौत केस में बड़ा मोड़…सास रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह गिरफ्तार

भोपाल, 29मई| Twisha Sharma Case: एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में जांच तेज हो गई है। इस केस में CBI ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उनकी सास, रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। उन पर सबूतों से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया गया है।

सूत्रों के मुताबिक, सीबीआई ने तीन दिनों तक लगातार पूछताछ, स्पॉट वेरिफिकेशन और डिजिटल एविडेंस की जांच के बाद यह कदम उठाया। गिरिबाला सिंह को आज कोर्ट में पेश किए जाने की संभावना है।

पति पहले ही रिमांड पर

इस मामले में समर्थ सिंह को सीबीआई पहले ही रिमांड पर ले चुकी है। अब एजेंसी दोनों पति और सास को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करने की तैयारी में है, ताकि घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा सकें।

घटना की रात की जांच पर फोकस

सीबीआई ने 25 मई की रात औपचारिक एफआईआर दर्ज की थी और 26 मई को पहली बार गिरिबाला सिंह के घर पहुंचकर पूछताछ की थी। टीम ने करीब दो घंटे की शुरुआती पूछताछ में घटना की रात मौजूद लोगों की गतिविधियों और उसके बाद की गई कार्रवाई पर जानकारी जुटाई।

इसके बाद 28 मई को फिर से करीब 7 घंटे तक गहन पूछताछ की गई। जांच एजेंसी का दावा है कि स्पॉट वेरिफिकेशन के दौरान कुछ ऐसे संकेत मिले हैं, जिनसे सबूतों से छेड़छाड़ की आशंका मजबूत हुई।

डिजिटल एविडेंस की गहन जांच

सीबीआई अब कॉल डिटेल रिकॉर्ड, मोबाइल टावर लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज, वाई-फाई लॉग और अन्य डिजिटल डेटा की जांच कर रही है। एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना की रात किन लोगों से संपर्क हुआ और घटनास्थल पर क्या बदलाव किए गए।

सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसी घर के भीतर ट्विशा के मूवमेंट का एक “डिजिटल रीक्रिएशन” भी तैयार कर रही है, जिसमें यह समझने की कोशिश की जा रही है कि वह किस समय किस स्थान पर थीं और कौन-कौन लोग वहां मौजूद थे।

आगे की जांच

सीबीआई अब परिवार से जुड़े अन्य लोगों, घरेलू कर्मचारियों और घटना के बाद संपर्क में आए व्यक्तियों से भी पूछताछ कर सकती है। जांच एजेंसी पूरे मामले की टाइमलाइन को मिनट-दर-मिनट दोबारा जोड़ने की कोशिश में जुटी है।

 

Breaking News