Bhatapara Fire News: भाटापारा के हटरी बाजार में आग का तांडव…दुकानों समेत बिल्डिंग राख

Bhatapara Fire News: भाटापारा के हटरी बाजार में आग का तांडव…दुकानों समेत बिल्डिंग राख

बलौदा बाजार, 29मई| Bhatapara Fire News: भाटापारा के हटरी बाजार में गुरुवार देर रात कपड़े और मोबाइल दुकान में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

जानकारी के मुताबिक, हटरी बाजार स्थित बाबूलाल बत्रा की कपड़े की दुकान और मोबाइल दुकान में देर रात अचानक आग भड़क उठी। भीषण गर्मी और तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैल गई और कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही भाटापारा शहर थाना प्रभारी अमित पाटले सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा।

आग पर काबू पाने के लिए नगर सेना बलौदाबाजार, भाटापारा दमकल, अंबुजा सीमेंट रवान और अल्ट्राटेक सीमेंट हिरमी की फायर टीमों ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाला। इसी दौरान आग की तपिश से कमजोर हो चुकी पुरानी बिल्डिंग अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में आग बुझाने में जुटे नगर सेना के जवान कृष्णा खुंटे गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके पैर में गंभीर चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रायपुर के अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

फायर ब्रिगेड की टीम ने रातभर मशक्कत के बाद शुक्रवार सुबह आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और व्यापारियों को हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।

गौरतलब है कि बलौदा बाजार-भाटापारा जिले में हाल के दिनों में आगजनी की यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले दीपेल टेंडर्स में भीषण आग लगी थी, जहां आग बुझाने के लिए 70 टैंकर पानी और 250 लीटर फोम का इस्तेमाल करना पड़ा था।

Breaking News