अंबिकापुर, 28मई।Ambikapur Breaking: शहर के व्यस्त और प्रमुख इलाके खरसिया चौक में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर चौक के बीच स्थित बिजली के पोल से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
एक युवती की मौके पर मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार काफी तेज गति में थी। देर रात सड़क खाली होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सीधे पोल से जा भिड़ी। हादसे में कार में सवार एक युवती की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
दो युवक गंभीर रूप से घायल
कार में मौजूद दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों को तत्काल अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया गया। दोनों की स्थिति अब भी चिंताजनक बताई जा रही है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक आशंका ओवरस्पीडिंग की जताई जा रही है, वहीं यह भी जांच की जा रही है कि चालक नशे में था या नहीं।
प्रशासन की अपील
पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि रात के समय सड़कें खाली होने पर भी वाहन सावधानीपूर्वक चलाएं और गति सीमा का पालन करें। थोड़ी सी लापरवाही किसी परिवार के लिए बड़ा दुख बन सकती है।
