मुंबई, 29मई| आईपीएल 2026 में बेहद खराब प्रदर्शन के बाद हार्दिक पंड्या की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी उनसे कप्तानी छीन सकती है। इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि टीम से जुड़े तीन लोगों ने संकेत दिए हैं कि हार्दिक की कप्तानी पर गंभीर मंथन चल रहा है। इतना ही नहीं, फ्रेंचाइजी नए कप्तान के विकल्पों पर भी विचार कर रही है।
मुंबई इंडियंस का IPL 2026 सीजन बेहद निराशाजनक रहा। टीम ने ग्रुप स्टेज में खेले गए 14 मुकाबलों में से 10 मैच गंवा दिए और पॉइंट्स टेबल में 9वें स्थान पर रहकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई। खास बात ये रही कि हार्दिक पंड्या की कप्तानी में टीम ने 8 मुकाबले हारे। सीजन शुरू होने से पहले मुंबई इंडियंस को खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा था, लेकिन मैदान पर टीम पूरी तरह बिखरी नजर आई।
सिर्फ टीम का प्रदर्शन ही नहीं, बल्कि हार्दिक पंड्या का व्यक्तिगत प्रदर्शन भी सवालों के घेरे में रहा। बतौर ऑलराउंडर वो अपनी छाप छोड़ने में नाकाम रहे। IPL 2026 के 10 मैचों में उन्होंने 22.88 की औसत और 138.25 की स्ट्राइक रेट से सिर्फ 206 रन बनाए। वहीं गेंदबाजी में भी उनका प्रदर्शन फीका रहा और उन्होंने 64.75 की औसत से केवल 4 विकेट हासिल किए।
वही मुंबई इंडियंस के कई सीनियर खिलाड़ी हार्दिक पंड्या की कप्तानी और व्यवहार से खुश नहीं थे। हालांकि फ्रेंचाइजी की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया, लेकिन लगातार उठ रही खबरों ने टीम के अंदरूनी माहौल को लेकर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।
हार्दिक की फिटनेस भी मुंबई इंडियंस के लिए बड़ी चिंता बनी हुई है। बैक इंजरी के कारण वह IPL 2026 में 4 मैच नहीं खेल सके। कप्तान का बार-बार चोटिल होना टीम के संतुलन को प्रभावित करता है और इसका असर मुंबई इंडियंस के प्रदर्शन पर भी साफ देखने को मिला।
इन सभी कारणों को देखते हुए माना जा रहा है कि फ्रेंचाइजी का हार्दिक पंड्या पर भरोसा पहले जैसा मजबूत नहीं रहा। अगर कप्तानी उनसे छीनी जाती है तो आने वाले सीजन में उनके टीम छोड़ने की अटकलें भी तेज हो सकती हैं।
