मनेन्द्रगढ़ में बिजली कटौती से जल संकट गहराया…नगरवासियों में बढ़ा आक्रोश

मनेन्द्रगढ़ में बिजली कटौती से जल संकट गहराया…नगरवासियों में बढ़ा आक्रोश

मनेन्द्रगढ़, 29मई| मनेन्द्रगढ़ में लगातार हो रही बिजली कटौती ने आमजन की परेशानी बढ़ा दी है। शहर में प्रतिदिन 8 से 10 घंटे तक बिजली बाधित रहने के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सबसे अधिक असर पेयजल व्यवस्था पर पड़ रहा है, जिससे भीषण गर्मी के बीच लोगों को पानी की भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है।

नगर पालिका परिषद के पार्षद एवं जल शाखा प्रभारी दयाशंकर यादव ने इस गंभीर स्थिति को लेकर विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता को पत्र सौंपकर तत्काल सुधार की मांग की है। उन्होंने बताया कि चैनपुर स्थित नवीन इंटकवेल, हसदेव इंटकवेल और जलगृह की विद्युत आपूर्ति बार-बार बाधित होने से पूरे शहर की जलापूर्ति प्रभावित हो रही है।

पार्षदों के अनुसार चैनपुर स्थित नवीन इंटकवेल को केल्हारी फीडर से बिजली सप्लाई दी जाती है, जहां लगातार हो रही कटौती के कारण पानी की सप्लाई व्यवस्था चरमरा गई है। इसका सीधा असर शहर के सभी वार्डों पर पड़ रहा है और कई क्षेत्रों में लोगों को दिनभर पानी नहीं मिल पा रहा है।

स्थिति को देखते हुए पार्षद दयाशंकर यादव सहित अन्य पार्षदों सरजू यादव, विनीत जायसवाल, रामधुन जायसवाल, ओमप्रकाश जायसवाल, सुशील सिंह, सपन महतो, अजीमुद्दीन अंसारी (गुड्डा भैया) और बृजेश जायसवाल ने मांग की है कि चैनपुर नवीन इंटकवेल को केल्हारी फीडर से हटाकर मनेन्द्रगढ़ शहरी फीडर से जोड़ा जाए, ताकि निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सके और जल वितरण नियमित रूप से चल सके।

नगरवासियों का कहना है कि भीषण गर्मी में बिजली और पानी की दोहरी समस्या ने जीवन मुश्किल कर दिया है। लोगों ने प्रशासन और विद्युत विभाग से जल्द ठोस समाधान की मांग की है|

राज्य खबर