चंडीगढ़, 29मई| आम आदमी पार्टी ने पंजाब में हुए नगर निगम, नगर काउंसिल और नगर पंचायत चुनावों में शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ा राजनीतिक संदेश दिया है। चुनाव नतीजों में पार्टी ने 48 में से 34 निकायों पर कब्जा जमाकर विपक्ष को करारा झटका दिया।
वहीं कांग्रेस केवल 3 निकायों तक सिमट गई, जबकि अकाली दल को 6 जगहों पर सफलता मिली।भाजपा का प्रदर्शन बेहद कमजोर रहा और कई उम्मीदवार अपनी जमानत तक नहीं बचा सके।
आम आदमी पार्टी ने अपनी जीत को जनता के भरोसे की जीत बताया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि मुफ्त बिजली, सरकारी स्कूलों और अस्पतालों में सुधार, भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई और युवाओं को रोजगार देने जैसी योजनाओं को लोगों ने समर्थन दिया है। नेताओं ने कहा कि जनता ने “काम की राजनीति” पर भरोसा जताया है।
वार्ड स्तर पर भी आम आदमी पार्टी का दबदबा साफ दिखाई दिया। अब तक घोषित 1441 वार्डों में से पार्टी ने 670 सीटों पर जीत दर्ज की है। कांग्रेस को 275 और अकाली दल को 203 सीटें मिली हैं।
धूरी, सुनाम, समाणा, श्री आनंदपुर साहिब और करतारपुर जैसे इलाकों में आम आदमी पार्टी ने बड़ी बढ़त हासिल की। राजनीतिक जानकार इन नतीजों को 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा संकेत मान रहे हैं।
