Kharif 2026 : सहकारी समितियों में नियमित रूप से हो रहा खाद और बीज का वितरण… खरीफ सीजन से पहले किसानों को मिल रही राहत

Kharif 2026 : सहकारी समितियों में नियमित रूप से हो रहा खाद और बीज का वितरण… खरीफ सीजन से पहले किसानों को मिल रही राहत

रायपुर,30 मई। Kharif 2026 : केंद्र और राज्य सरकार द्वारा खरीफ वर्ष 2026 के लिए किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद और बीज उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी व्यवस्था की गई है। इसी क्रम में बालोद जिले की सहकारी समितियों में किसानों को नियमित रूप से खाद और बीज का वितरण किया जा रहा है। प्रशासन की ओर से यह सुनिश्चित किया गया है कि किसानों को समय पर आवश्यक कृषि सामग्री उपलब्ध हो सके।

कलेक्टर के निर्देश पर मजबूत व्यवस्था

कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार जिले की सभी सहकारी समितियों में शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप खाद और बीज के भंडारण एवं वितरण के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। समितियों में किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वितरण प्रक्रिया को व्यवस्थित और सुगम बनाया गया है।

किसानों ने की व्यवस्था की सराहना

जिले के किसानों ने खाद और बीज वितरण की व्यवस्था को सराहनीय बताया है। गुरूर विकासखंड के ग्राम फागुनदाह निवासी किसान श्री चोवाराम ने कहा कि समय पर खाद और बीज मिलने से खेती की तैयारी आसान हो गई है। उन्होंने बताया कि वे दो एकड़ भूमि वाले लघु कृषक हैं और एक सप्ताह पहले सहकारी समिति से दो बोतल नैनो डीएपी, एक बोतल यूरिया, दो बोरी यूरिया और एक बोरी सुपरफास्फेट खाद प्राप्त कर चुके हैं।उन्होंने कहा कि सहकारी समिति में उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा और पूरी प्रक्रिया व्यवस्थित तरीके से संचालित की गई।

बड़े किसानों को भी मिल रहा लाभ

ग्राम पेण्डरवानी निवासी किसान श्री बेनीराम साहू ने भी वितरण व्यवस्था की प्रशंसा की है। उन्होंने बताया कि वे 20 एकड़ भूमि वाले कृषक हैं और सहकारी समिति से पांच बोरी स्वर्णा एवं स्वर्णा सब-1 धान बीज सहित अन्य आवश्यक बीज आसानी से प्राप्त किए हैं।

उन्होंने कहा कि समिति में किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में बीज उपलब्ध है और वितरण प्रक्रिया पारदर्शी एवं सुविधाजनक है। इससे किसानों में भरोसा बढ़ा है और आगामी समय में भी समय पर खाद और बीज मिलने की उम्मीद मजबूत हुई है।

खरीफ सीजन की तैयारियों को मिला बल

समय पर खाद और बीज उपलब्ध होने से किसानों में उत्साह देखा जा रहा है। प्रशासन की इस पहल से खेती की तैयारियां तेज हुई हैं और किसानों को कृषि कार्यों में सुविधा मिल रही है। सहकारी समितियों में बेहतर प्रबंधन के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों का भरोसा भी मजबूत हुआ है।

राज्य खबर