उत्तराखंड, 30मई| बद्रीनाथ धाम में चल रही ‘श्री सत्यनारायण भगवान कथा’ के दौरान बागेश्वर धाम प्रमुख पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इस मुद्दे पर सरकार से सख्त कदम उठाने की अपील की और कहा कि अगर गलती सिस्टम की है तो उसका खामियाजा छात्रों को नहीं भुगतना चाहिए।
कथा के दौरान उन्होंने बताया कि उन्हें नीट पेपर लीक की खबर मिली, जिसके बाद कुछ छात्र उनसे मिलने पहुंचे। छात्रों की स्थिति का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मेहनत से परीक्षा देने के बावजूद पेपर लीक जैसी घटनाएं उनके मनोबल को तोड़ देती हैं।
पंडित शास्त्री ने नाराजगी जताते हुए कहा, चुनाव तो लीक नहीं होते, काश नेताओं की वोटें लीक हो जाएं। उन्होंने छात्रों को हिम्मत बनाए रखने की सलाह दी और कहा कि वे निराश न हों।
उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि जिन छात्रों के परिवार आर्थिक रूप से कमजोर हैं और जिन्होंने कर्ज लेकर परीक्षा शुल्क भरा है, उनके हित में नीति बनाई जानी चाहिए। उनका कहना था कि जब गलती सिस्टम की होती है तो उसकी सजा छात्रों को नहीं मिलनी चाहिए।
उन्होंने सुझाव दिया कि ऐसे मामलों में अगले परीक्षा अवसर की फीस माफ की जानी चाहिए, ताकि प्रभावित छात्रों और उनके परिवारों पर आर्थिक बोझ न पड़े।
