रायपुर, 16 अप्रैल। Solar Energy :अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में क्रेडा विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों ने आमजन के जीवन में उल्लेखनीय सकारात्मक परिवर्तन लाया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में सौर ऊर्जा आधारित प्रणालियों के बेहतर उपयोग पर विशेष जोर दिया जा रहा है, जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं अधिक सुलभ और सशक्त हुई हैं।
114 सोलर ड्यूल पंप से पेयजल और सिंचाई व्यवस्था मजबूत
जशपुर जिले में जल जीवन मिशन के अंतर्गत पिछले दो वर्षों में 114 सोलर ड्यूल पंप स्थापित किए गए हैं। इनसे ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल और किसानों को सिंचाई के लिए सस्ती एवं सुलभ ऊर्जा मिल रही है। इससे डीजल और बिजली पर निर्भरता कम हुई है, लागत घटी है और किसानों की आय में वृद्धि हुई है। पानी की उपलब्धता बढ़ने से वर्षभर खेती संभव हो रही है, जिससे कृषि उत्पादन में सुधार आया है। साथ ही घर के नजदीक जल उपलब्ध होने से महिलाओं को भी बड़ी राहत मिली है।
80 सोलर हाई मास्ट से गांव और शहर हुए रोशन
जशपुर जिले के ग्रामों, कस्बों और शहरी क्षेत्रों के प्रमुख चौक-चौराहों पर सोलर हाई मास्ट लगाए जा रहे हैं। पिछले दो वर्षों में 80 सोलर हाई मास्ट स्थापित किए जा चुके हैं, जिससे रात्रिकालीन आवागमन अधिक सुरक्षित हुआ है। इन सौर लाइटों से बिजली आपूर्ति बाधित होने पर भी निर्बाध रोशनी मिल रही है, जिससे दुर्घटनाओं और अपराधों में कमी आने में मदद मिली है।
800 सोलर पंप से किसानों को मिली बड़ी राहत
सौर सुजला योजना के तहत जशपुर जिले में पिछले दो वर्षों में 800 सोलर पंप स्थापित किए गए हैं। इससे किसानों को सिंचाई के लिए निर्बाध ऊर्जा मिल रही है और वे बिजली बिल से मुक्त होकर आर्थिक रूप से सशक्त हो रहे हैं। इस योजना से कृषि उत्पादन में वृद्धि, भू-जल संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है।
सौर ऊर्जा से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ता छत्तीसगढ़
सौर ऊर्जा आधारित इन योजनाओं ने पेयजल, सिंचाई और रोशनी जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत किया है। इससे न केवल लोगों का जीवन स्तर सुधरा है, बल्कि प्रदेश में सतत विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में भी महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।

