CG Assembly Winter Session
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र आज शुरू हो रहा है। सत्र की शुरुआत सोमवार को सुबह 11 बजे होगी। बता दें कि इस सत्र में चार बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिसमे कई महत्वपूर्ण कार्य होंगे। वहीं 18 दिसंबर को गुरु घासीदास जयंती पर अवकाश घोषित किया गया है।
विधानसभा सत्र के पहले दिन 16 दिसंबर सोमवार को राज्यसभा के पूर्व सांसद गोपाल व्यास को श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके बाद 2024 के अनुपूरक आय विनियोग पर चर्चा होगी।खबरों से मिली जानकारी के मुताबिक इस सत्र में सरकार द्वारा चार संशोधन विधेयक प्रस्तुत किए जाएंगे। पहला विधेयक विधानसभा सदस्यों के वेतन, भत्तों और पेंशन से संबंधित होगा।
दूसरा विधेयक भू-राजस्व संहिता में संशोधन का है। तीसरे और चौथे विधेयक नगर पालिका और नगर पालिका अधिनियम में संशोधन करेंगे। इस सत्र के लिए विधायकों से प्रश्नों की कुल 814 सूचनाएं, ध्यानाकर्षण प्रस्ताव की कुल 140 सूचनायें, अशासकीय संकल्प की कुल 12 सूचनाएं, शून्यकाल की 12 तथा 57 याचिकाओं की सूचनाएं प्राप्त हुई हैं।
CG Assembly Winter Session
छत्तीसगढ़ विधानसभा का रजत जयंती वर्ष
छत्तीसगढ़ विधानसभा का रजत जयंती वर्ष इस बार मनाया जा रहा है। छत्तीसगढ़ विधानसभा की पहली बैठक 14 दिसंबर 2000 को हुई थी। इस लिहाज से विधानसभा के रजत जयंती वर्ष की शुरुआत हो चुकी है। रजत जयंती वर्ष 14 दिसंबर 2024 से 14 दिसंबर 2025 तक मनाया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने इसकी जानकारी दी।
इस दौरान शीतकालीन सत्र के पहले दिन सभी विधायकों का स्वागत गणतंत्र ध्वनि के माध्यम से किया जाएगा। छाया चित्रों की प्रदर्शनी के अलावा नए विधानसभा के मॉडल की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके साथ ही विधानसभा परिचय पुस्तिका का विमोचन किया जाएगा।