रायपुर, 30मई। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने प्रदेशभर में चल रही शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक पदों की संविदा भर्ती प्रक्रिया पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है।
जारी आदेश के अनुसार अब भर्ती प्रक्रिया जिलेवार नहीं होगी। इसके स्थान पर सभी पदों के लिए केंद्रीयकृत परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा का संचालन राज्य स्तर पर किया जाएगा और चयनित अभ्यर्थियों की सूची संचालनालय द्वारा संबंधित जिलों को भेजी जाएगी।
सूत्रों के मुताबिक जिलेवार भर्ती प्रक्रिया में लगातार अनियमितताओं और शिकायतों की जानकारी सामने आ रही थी। इसी को देखते हुए सरकार ने भर्ती व्यवस्था में पारदर्शिता और एकरूपता लाने के उद्देश्य से पूरी प्रक्रिया को केंद्रीकृत करने का निर्णय लिया है।
इस फैसले के बाद भर्ती का इंतजार कर रहे हजारों अभ्यर्थियों को फिलहाल और इंतजार करना पड़ सकता है। वहीं, जल्द ही नए सिरे से परीक्षा कैलेंडर जारी किए जाने की चर्चा भी तेज हो गई है।
सरकार का मानना है कि केंद्रीयकृत परीक्षा व्यवस्था लागू होने से चयन प्रक्रिया अधिक निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित होगी, जिससे योग्य अभ्यर्थियों को समान अवसर मिल सकेगा।
