आगरा, 30मई। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी ट्रंप ने शनिवार को अपने पति माइकल बाउलस के साथ ताजमहल का भ्रमण किया। निजी यात्रा पर भारत आईं टिफनी ने आगरा पहुंचते ही ताजमहल देखने की इच्छा जताई, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने उनके कार्यक्रम में तत्काल बदलाव कर विजिट की व्यवस्था कराई।
टिफनी शनिवार सुबह चार्टर्ड विमान से दिल्ली से आगरा के खेरिया एयरपोर्ट पहुंचीं। वहां से वह अमर विलास पहुंचीं। कार्यक्रम के अनुसार उन्हें शाम पांच बजे ताजमहल का भ्रमण करना था, लेकिन होटल पहुंचने के बाद उन्होंने लंच से पहले ही स्मारक देखने की इच्छा जताई।
सुबह करीब 11:50 बजे टिफनी अपने पति के साथ ताजमहल पहुंचीं। फोरकोर्ट से ताजमहल की पहली झलक देखते ही वह उसकी सुंदरता से प्रभावित नजर आईं और स्मारक को “अद्भुत” बताया। दोनों ने परिसर में भ्रमण किया और सेंट्रल टैंक के पास प्रसिद्ध बेंच पर बैठकर हाथों में हाथ डालकर फोटोशूट भी कराया।
भ्रमण के दौरान गाइड रमेश दीवान ने उन्हें मुगल सम्राट शाहजहां द्वारा मुमताज महल की स्मृति में ताजमहल के निर्माण, 22 वर्षों तक चले निर्माण कार्य, लगभग 20 हजार कारीगरों की भागीदारी तथा औरंगजेब द्वारा शाहजहां को आगरा किले के मुसम्मन बुर्ज में नजरबंद किए जाने की ऐतिहासिक जानकारी दी।
टिफनी ने ताजमहल के निर्माण में इस्तेमाल संगमरमर के स्रोत के बारे में भी जानकारी ली। गाइड ने बताया कि स्मारक के लिए संगमरमर राजस्थान के मकराना से लाया गया था। इस दौरान माइकल बाउलस ने भी इतिहास में विशेष रुचि दिखाई और कई जानकारियां हासिल कीं।
करीब 50 मिनट तक ताजमहल में समय बिताने के बाद टिफनी और उनके पति दोपहर 12:40 बजे होटल लौट गए। कार्यक्रम में बदलाव के बाद अब उनका शाम को ताजमहल दोबारा देखने का कोई कार्यक्रम नहीं है।
गौरतलब है कि टिफनी ट्रंप, डोनाल्ड ट्रंप और उनकी दूसरी पत्नी मार्ला मैपल्स की इकलौती बेटी हैं। वह गायिका और सार्वजनिक हस्ती के रूप में भी जानी जाती हैं। भारत यात्रा के तहत वह शनिवार सुबह दिल्ली पहुंची थीं।
