रायपुर, 16 अप्रैल। MoU Signed : धमतरी जिले में ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। कलेक्टोरेट परिसर में NIT रायपुर, जिला प्रशासन धमतरी और बीआरपी शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के बीच ‘STREE’ (Skill Development through Technological Resources for Empowering Economic Growth of Women) परियोजना के सफल क्रियान्वयन हेतु त्रिपक्षीय समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।
NIT रायपुर और प्रशासन की संयुक्त पहल से शुभारंभ
इस अवसर पर NIT रायपुर के निदेशक डॉ. एन. वी. रमणा राव, कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा तथा पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्राचार्य ने संयुक्त रूप से MoU पर हस्ताक्षर कर परियोजना का विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी और शिक्षाविद उपस्थित रहे।
300 महिलाओं को मिलेगा कौशल प्रशिक्षण
यह परियोजना विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय भारत सरकार के अंतर्गत DSIR के TDUPW-A2K+ कार्यक्रम के तहत लगभग 90 लाख रुपये की सहायता से संचालित होगी। 36 माह की अवधि में 300 ग्रामीण महिलाओं को प्रशिक्षित कर आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
कोसा, डिजाइन और उद्यमिता में प्रशिक्षण
परियोजना के तहत महिलाओं को कोसा रेशम प्रसंस्करण, फाइबर निष्कर्षण, आधुनिक बुनाई, उत्पाद डिजाइन, उद्यमिता विकास और मार्केट लिंकेज जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। विशेष रूप से आदिवासी एवं वंचित वर्ग की महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग और मूल्य संवर्धन सुनिश्चित हो सके।
स्थानीय आजीविका को मिलेगा नया आयाम
धमतरी जिले में हैंडलूम और कृषि आधारित आजीविका की अपार संभावनाओं को इस परियोजना के माध्यम से तकनीकी सहयोग के साथ मजबूत किया जाएगा। इससे महिला-नेतृत्व वाले उद्यमों को बढ़ावा मिलेगा और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
NIT रायपुर के निदेशक ने इसे समावेशी नवाचार और जमीनी विकास की दिशा में एक मजबूत पहल बताया है। STREE परियोजना न केवल महिलाओं को कौशल विकास का अवसर देगी, बल्कि उन्हें लघु उद्योग और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ाकर आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को भी सशक्त करेगी।

