Strict Action : साड़ी वितरण में गुणवत्ता पर सख्ती… सरकार ने दिए जांच के निर्देश… शिकायतों पर सरकार का कड़ा रुख

Strict Action : साड़ी वितरण में गुणवत्ता पर सख्ती… सरकार ने दिए जांच के निर्देश… शिकायतों पर सरकार का कड़ा रुख

रायपुर, 15 अप्रैल। Strict Action : राज्य में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को वितरित की गई साड़ियों की गुणवत्ता को लेकर सामने आई शिकायतों पर छत्तीसगढ़ सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी गहन जांच कराने के निर्देश दिए हैं।

विभाग ने जारी किया सख्त पत्र

मंत्री के निर्देश पर महिला एवं बाल विकास विभाग के संचालक ने छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के प्रबंध संचालक को पत्र जारी कर तत्काल कार्रवाई करने को कहा है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि वित्तीय वर्ष 2024-25 के अंतर्गत साड़ी वितरण के लिए जारी क्रय आदेश के बाद कई जिलों से गुणवत्ता में कमी और तय मापदंडों से विचलन की शिकायतें प्राप्त हुई हैं।

जांच में मिली गड़बड़ी की पुष्टि

विभागीय स्तर पर गठित जांच समिति द्वारा किए गए परीक्षण में कुछ स्थानों पर गुणवत्ता मानकों में कमी की पुष्टि भी हुई है। इसके बाद मामले में कार्रवाई की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।

तकनीकी टीम से होगी पुनः जांच

संचालक द्वारा जारी निर्देश में खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड को कहा गया है कि वे तकनीकी विशेषज्ञों की टीम गठित कर साड़ियों की दोबारा गुणवत्ता जांच कराएं। यदि जांच में किसी प्रकार की गड़बड़ी पाई जाती है, तो संबंधित एजेंसियों और आपूर्तिकर्ताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

खराब साड़ियों को बदलने के निर्देश

सरकार ने स्पष्ट किया है कि जिन क्षेत्रों में निम्न गुणवत्ता की साड़ियां वितरित हुई हैं, वहां उन्हें तत्काल वापस लेकर अच्छी गुणवत्ता की नई साड़ियां उपलब्ध कराई जाएं। इससे लाभार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित किया जाएगा।

भ्रामक प्रचार से सावधान रहने की अपील

विभाग ने यह भी कहा है कि कुछ लोगों द्वारा इस मुद्दे को लेकर भ्रामक और नकारात्मक प्रचार किया जा रहा है, जबकि वास्तविकता यह है कि शासन स्तर पर पारदर्शिता के साथ पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

राज्य खबर