सूरजपुर, 27 मार्च। Shocking News : सूरजपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के जयपुर गांव में एक मां ने अपने ही 4 माह के दुधमुंहे बच्चे की जान ले ली।
मिली जानकारी के अनुसार, महिला घर में खाना बना रही थी, तभी उसका मासूम बच्चा लगातार रो रहा था। बच्चे के रोने से परेशान होकर महिला ने अपना आपा खो दिया और गुस्से में आकर उसे जमीन पर पटक दिया। इससे बच्चे को गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है और बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और लोग स्तब्ध हैं।

