सरगुजा में नायब तहसीलदार से कथित मारपीट पर फेडरेशन सख्त…आंदोलन की चेतावनी

सरगुजा में नायब तहसीलदार से कथित मारपीट पर फेडरेशन सख्त…आंदोलन की चेतावनी

अंबिकापुर, 1 जून| सरगुजा जिले के राजापुर उप तहसील में नायब तहसीलदार तुषार मानिक के साथ कथित मारपीट के मामले ने तूल पकड़ लिया है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने घटना की निंदा करते हुए कहा है कि यदि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई और भविष्य में ऐसी घटनाएं दोहराई गईं, तो प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।

नायब तहसीलदार ने सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों पर धक्का-मुक्की व मारपीट का आरोप लगाया है। विवाद जमीन से जुड़े एक आवेदन को लेकर विधायक की चचेरी बहन और अधिकारी के बीच हुई कहासुनी के बाद शुरू हुआ था। वहीं विधायक पक्ष ने भी मामले में शिकायत दर्ज कराई है।

फेडरेशन ने कहा कि सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार एवं मारपीट जैसी घटनाएं प्रशासनिक व्यवस्था और कर्मचारियों के मनोबल को प्रभावित करती हैं। संगठन ने शासन-प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।

राज्य खबर