नई दिल्ली, 10 जून। PM MODI: भारतीय राजनीति में आज एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार प्रधानमंत्री पद पर रहते हुए देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है। इसके साथ ही मोदी आजाद भारत के निर्वाचित सरकार के सबसे लंबे समय तक लगातार पद पर रहने वाले प्रधानमंत्री बन गए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26 मई 2014 को पहली बार देश की कमान संभाली थी। आज उनके कार्यकाल के 4,399 दिन पूरे हो गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड जवाहरलाल नेहरू के नाम दर्ज था, जिन्होंने 1952 के आम चुनाव के बाद निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में 4,398 दिन तक लगातार पद संभाला था।
इस उपलब्धि के साथ ही मोदी के नाम भारतीय राजनीति में एक और बड़ा रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी इसे प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व, जनसमर्थन और लगातार तीसरी बार केंद्र की सत्ता में वापसी का प्रमाण बता रही है।
इस बीच केंद्र सरकार का फोकस अब ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य पर है। सरकार का उद्देश्य भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाना, सेमीकंडक्टर निर्माण, डिजिटल तकनीक, ग्रीन हाइड्रोजन और अंतरिक्ष क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।
हालांकि इस रिकॉर्ड के साथ चुनौतियां भी कम नहीं हैं। रोजगार सृजन, वैश्विक आर्थिक परिस्थितियां, गठबंधन राजनीति की जटिलताएं और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करना मोदी सरकार के सामने बड़ी परीक्षा मानी जा रही है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह उपलब्धि प्रधानमंत्री मोदी के लंबे राजनीतिक प्रभाव को दर्शाती है, लेकिन आने वाले वर्षों में उनकी सरकार के प्रदर्शन पर ही भविष्य की राजनीति और विरासत का आकलन निर्भर करेगा।
