धमतरी, 08 जून। धमतरी जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र में एक क्रूजर वाहन अनियंत्रित होकर हाईटेंशन बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि चालक घायल हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन दो बिजली के खंभों के बीच जाकर फंस गया और दोनों खंभे टेढ़े हो गए।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा अर्जुनी थाना क्षेत्र के मथुरा मोड़ के पास हुआ। क्रूजर वाहन नगरी की ओर से धमतरी आ रहा था। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और वाहन सीधे हाईटेंशन लाइन के पोल से जा टकराया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर काफी जोरदार थी। वाहन पोल से टकराने के बाद दो खंभों के बीच फंस गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे के बावजूद हाईटेंशन तार नहीं टूटा, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। यदि बिजली का तार टूट जाता तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
