रायपुर, 10 जून। छत्तीसगढ़ शासन ने मंत्रालय में एक बार फिर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए दो उप सचिव स्तर के अधिकारियों के विभागों में बदलाव किया है। इसके साथ ही कुछ अवर सचिवों को अतिरिक्त प्रभार सौंपकर प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करने की कोशिश की गई है।
जारी आदेश के अनुसार, श्रीमती सूर्य किरण अग्रवाल को पशुधन विकास विभाग से हटाकर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग का दायित्व सौंपा गया है। वहीं मनोज कुमार मिश्रा को उच्च शिक्षा विभाग से स्थानांतरित कर पशुधन विकास विभाग में पदस्थ किया गया है।
इसके अलावा, राज्य सरकार ने पूर्व में दो अवर सचिवों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी सौंपी हैं। हेमंत पांडे को सामान्य प्रशासन विभाग के साथ जन शिकायत निवारण विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं विमल कुमार शांडिल्य को योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के साथ धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।
