भोपाल, 1 जून| Twisha Sharma Case: राजधानी भोपाल के ट्विशा शर्मा मौत मामले में सीबीआई ने जांच के तहत सोमवार को एक बार फिर घटनास्थल का री-क्रिएशन किया। इस दौरान जांच एजेंसी आरोपी पति समर्थ सिंह और उनकी सास, सेवानिवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश गिरीबाला सिंह को बागमुगालिया एक्सटेंशन स्थित उनके आवास पर लेकर पहुंची।
जानकारी के अनुसार, सीबीआई टीम दोपहर करीब 12 बजे भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच घटनास्थल पर पहुंची। कटारा हिल्स थाना पुलिस ने पहले से ही घर के बाहर बैरिकेडिंग कर क्षेत्र को सुरक्षित कर रखा था।
जांच के दौरान सीबीआई ने घर की छत पर उस स्थान का बारीकी से निरीक्षण किया, जहां कथित तौर पर ट्विशा शर्मा को फंदे पर लटका हुआ पाया गया था। मेडिकल रिपोर्ट में उनका वजन करीब 80 किलो बताया गया है, जिसके आधार पर एजेंसी ने 80 किलो वजनी डमी का इस्तेमाल किया और उसी एंगल व स्थिति में फंदे से लटकाकर पूरे घटनाक्रम का पुनर्निर्माण किया।
री-क्रिएशन के दौरान सीबीआई ने यह समझने की कोशिश की कि शव को फंदे से कैसे नीचे उतारा गया और उस समय मौके पर कौन-कौन मौजूद था। एजेंसी ने आरोपियों के पहले दिए गए बयानों को आधार बनाकर घटनाक्रम को दोहराया।
आरोपी समर्थ सिंह ने अपने बयान में कहा है कि उसने किसी प्रकार की मारपीट नहीं की थी और शरीर पर चोटें संभवतः फंदे से नीचे उतारने या अस्पताल ले जाने की जल्दबाजी में आई होंगी। हालांकि सीबीआई का ध्यान पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दर्ज चोटों और घटनास्थल की परिस्थितियों के बीच अंतर को समझने पर केंद्रित रहा।
सूत्रों के अनुसार, री-क्रिएशन के बावजूद कई चोटों की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी, जिसके बाद सीबीआई ने दोनों आरोपियों से दोबारा पूछताछ भी की। अब एजेंसी पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल की परिस्थितियों और बयान तीनों का मिलान कर मामले की अंतिम कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
