दुर्ग, 1जून। Sushasan Tihar Durg: छत्तीसगढ़ में सुशासन तिहार के तहत आयोजित जन समस्या निवारण शिविर के दौरान जनता से कथित रूप से अशिष्ट व्यवहार और कर्तव्य में लापरवाही के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। संभागायुक्त ने जनपद पंचायत दुर्ग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 9(1)(क) के तहत यह कार्रवाई की। निलंबित अधिकारी पर कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही और आम जनता से अभद्र व्यवहार के आरोप हैं।
यह मामला 29 मई को ग्राम थनौद में आयोजित जन समस्या निवारण शिविर का है, जहां जनपद पंचायत सीईओ रुपेश कुमार पाण्डेय का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें उनके द्वारा कथित रूप से जनता के साथ बदसलूकी की गई। इसी वीडियो के आधार पर कार्रवाई की गई।
इस पूरे मामले में दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह द्वारा प्रस्ताव भेजा गया था। इसके बाद संभागायुक्त ने सीईओ को कारण बताओ नोटिस जारी किया था, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर निलंबन का आदेश जारी कर दिया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 के तहत प्रत्येक शासकीय अधिकारी का दायित्व है कि वह कर्तव्यपरायण और शालीन व्यवहार बनाए रखे। नियमों के उल्लंघन को गंभीर कदाचरण मानते हुए यह सख्त कदम उठाया गया है।
