छत्तीसगढ़, 25मई| छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में रविवार को हुए दो भीषण सड़क हादसों में 6 लोगों की मौत हो गई। एक हादसा बलरामपुर जिला के सनावल थाना क्षेत्र में हुआ, जबकि दूसरा हादसा अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे-130 पर सामने आया। दोनों घटनाओं के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
ट्रैक्टर से भिड़ी बाइक, एक ही परिवार के 4 युवकों की मौत
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब 6:30 बजे ग्राम पीपरपान के पास ईंट से भरे तेज रफ्तार ट्रैक्टर और बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि ट्रैक्टर चालक ने वाहन नहीं रोका और घायलों को करीब 100 मीटर तक घसीटता रहा। इसके बाद चालक घायलों को सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान राकेश पंडो (17), रमेश पंडो (19), नरेश पंडो (19) और मनोज पंडो (21) के रूप में हुई है। सभी युवक आपस में चचेरे भाई थे और मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि हादसे के बाद ट्रैक्टर का इंजन छिपाने की कोशिश की गई। मामले में ट्रैक्टर चालक प्रेमचंद यादव, रामनारायण यादव और वाहन मालिक अशोक यादव के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
नेशनल हाईवे पर कार की टक्कर से 2 ग्रामीणों की मौत
दूसरी घटना सरगुजा जिला के जजगा के पास नेशनल हाईवे-130 पर रविवार रात हुई। बाइक सवार दो ग्रामीण जैसे ही मुख्य मार्ग पर पहुंचे, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक कई मीटर तक सड़क पर घिसटते चले गए। हादसे में जय सिंह (50) और रामकुमार (60), दोनों निवासी महुआटिकरा, की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों मेहमानी से लौट रहे थे। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
