रायपुर में खारून नदी किनारे दर्दनाक हादसा…19 वर्षीय युवक की डूबने से मौत

रायपुर में खारून नदी किनारे दर्दनाक हादसा…19 वर्षीय युवक की डूबने से मौत

रायपुर, 25मई| राजधानी रायपुर के खारून नदी किनारे एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसमें 19 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान रामनगर, गुढ़ियारी निवासी रोशन नडार (19 वर्ष) के रूप में हुई है।

घटना के समय रोशन अपने साथी यशवंत साहू के साथ खारून नदी किनारे गांजा पी रहा था जैसे ही पुलिस पेट्रोलिंग वाहन मौके पर पहुंचा, युवक अचानक घबरा गया और नदी में कूद गया।

बताया जा रहा है कि युवक को बचाने के लिए तत्काल प्रभाव से पर्याप्त रेस्क्यू प्रयास नहीं किए गए, जिससे उसकी हालत बिगड़ती चली गई। बाद में स्थानीय लोगों और उसके साथी यशवंत साहू की मदद से रोशन को नदी से बाहर निकाला गया और तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद मृतक के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बचाव कार्य में देरी की और समय वीडियो बनाने में गंवाया, जिससे युवक की जान नहीं बचाई जा सकी। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

वहीं घटना के बाद इलाके में तनाव और शोक का माहौल है। पुरानी बस्ती और डीडी नगर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Breaking News