AB News

Weather Update : पूरे देश में मौसम का बदला मिजाज, दिल्ली से केरल तक अलर्ट जारी

Weather Update

रायपुर। देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम ने करवट ले ली है। राजधानी दिल्ली में भीषण गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर रही है। मौसम विभाग के अनुसार, आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि न्यूनतम 30 डिग्री रहने की संभावना है। हवा की रफ्तार भी 9 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है। वहीं, कल दिल्ली-एनसीआर में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। हीट इंडेक्स 50 डिग्री तक पहुंचने के कारण गर्मी और अधिक झुलसाने वाली हो सकती है।

दिल्ली के बाद बात मध्य प्रदेश की करें तो वहां भी मौसम लगातार बदल रहा है। राजधानी भोपाल में अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 30 डिग्री रहने की संभावना है। अरब सागर में सक्रिय हो रहे ‘शक्ति’ चक्रवात के चलते मध्य प्रदेश के कई जिलों में आंधी और बारिश का असर दिखाई देने लगा है। मौसम विभाग ने 47 जिलों में अलर्ट जारी किया है। नौतपा के दौरान इस बार अच्छी बारिश की उम्मीद जताई जा रही है। मई महीने में राज्य में अब तक 32 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जिसमें सबसे ज्यादा झाबुआ में 92.7 मिमी वर्षा हुई है।

Weather Update

उत्तर प्रदेश में भी गर्मी और उमस का असर बना हुआ है। राजधानी लखनऊ का तापमान 44 डिग्री तक पहुंच सकता है। यहां धूल भरी आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, खासकर पश्चिमी यूपी में। पूर्वी उत्तर प्रदेश में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में मौसम का मिजाज ज्यादा बिगड़ा हुआ है। देहरादून में अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री रह सकता है। यहां गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना जताई गई है। कई इलाकों में 7 से 11 सेंटीमीटर तक बारिश हो सकती है।

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री रहने के आसार हैं। पिछले कुछ दिनों से राज्य में बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला जारी है। माना जा रहा है कि यह प्री-मानसून गतिविधियों का असर है। मौसम विभाग के अनुसार, केरल में मानसून की दस्तक के बाद 10 दिनों के भीतर छत्तीसगढ़ में भी मानसून पहुंच सकता है। ऐसे में अनुमान है कि राज्य में 3 से 4 जून के बीच मानसून प्रवेश कर सकता है।

Weather Update

दक्षिण भारत के राज्य केरल में मानसूनी गतिविधियां तेज हो गई हैं। कन्नूर, कासरगोड, कोझीकोड और वायनाड जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां 20 सेमी तक भारी बारिश हो सकती है। त्रिशूर, मलप्पुरम और पलक्कड़ में भी तेज बारिश का पूर्वानुमान है। तेज हवाएं 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल सकती हैं और तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम में आ रहा यह बदलाव सामान्य जनजीवन को प्रभावित कर सकता है। ऐसे में जरूरी है कि लोग मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान दें और सतर्क रहें।

read more – Aaj Ka Rashifal : अमावस्या पर इन राशियों को बरतनी होगी सावधानी, मेष में चंद्रमा का संचार देगा खास फल!

Exit mobile version