बिजली कर्मचारियों का जोरदार प्रदर्शन…मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

बिजली कर्मचारियों का जोरदार प्रदर्शन…मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

बिलासपुर, 11 जून। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत कर्मचारी जनता यूनियन ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर गुरुवार को जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने सीएसपीडीसीएल (CSPDCL) के कार्यपालक निदेशक कार्यालय पहुंचकर ढोल बजाते हुए विरोध दर्ज कराया और अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने कहा कि वे कठिन परिस्थितियों में दिन-रात काम कर प्रदेश के लाखों उपभोक्ताओं तक निर्बाध बिजली पहुंचाने का कार्य करते हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें कई मूलभूत सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है।

यूनियन ने मांग की कि सभी कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ दिया जाए, लाइन परिचारक और संविदा कर्मचारियों का शीघ्र नियमितीकरण किया जाए तथा ठेका और आउटसोर्सिंग व्यवस्था को समाप्त किया जाए। साथ ही रिक्त पदों पर जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की भी मांग उठाई गई।

इसके अलावा कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए सरकारी एवं निजी अस्पतालों में कैशलेस इलाज सुविधा लागू करने, वेतन पुनरीक्षण समिति के गठन तथा तृतीय एवं चतुर्थ वर्ग कर्मचारियों के लिए करियर प्रोग्रेशन योजना लागू करने की भी मांग की गई।

यूनियन पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आने वाले समय में बड़ा आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विभागीय प्रबंधन की होगी। संगठन ने कहा कि कर्मचारियों की आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों का तत्काल समाधान जरुरी है|

राज्य खबर