Dantewada Driver Suicide: दंतेवाड़ा में ट्रक चालक ने की आत्महत्या…वीडियो में मारपीट और धमकी के लगाए आरोप

Dantewada Driver Suicide: दंतेवाड़ा में ट्रक चालक ने की आत्महत्या…वीडियो में मारपीट और धमकी के लगाए आरोप

दंतेवाड़ा, 13 जून।Dantewada Driver Suicide: दंतेवाडा जिले में एक ट्रक चालक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। आत्महत्या से पहले चालक ने कई वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा किए, जिनमें उसने सड़क दुर्घटना के बाद मारपीट किए जाने और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी मिलने का आरोप लगाया है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मृतक ट्रक चालक ताम्रध्वज साहू जगदलपुर से गीदम की ओर जा रहा था। इसी दौरान बंजारी घाट क्षेत्र में सामने से आ रही एक लग्जरी कार से उसके ट्रक की टक्कर हो गई। हादसे के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बन गई।

आत्महत्या से पहले रिकॉर्ड किए गए वीडियो में चालक ने दावा किया कि दुर्घटना के बाद कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की और उसे उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। उसने यह भी कहा कि हादसा वाहन के ब्रेक में आई तकनीकी खराबी के कारण हुआ था और इसमें उसकी कोई जानबूझकर की गई गलती नहीं थी।

वीडियो में ताम्रध्वज साहू ने अपनी मां और परिवार के सदस्यों से माफी मांगते हुए भावुक संदेश भी छोड़ा। उसने कहा कि वह परिवार की जिम्मेदारियों को पूरी तरह निभा नहीं सका। साथ ही अपने ट्रांसपोर्ट मालिक के लिए भी संदेश दिया और खुद को दुर्घटना का दोषी मानने से इनकार किया।

बताया जा रहा है कि वीडियो में चालक ने अपनी लोकेशन और आत्महत्या करने की बात भी कही थी। इसके बाद उसका शव मुख्य सड़क से कुछ दूरी पर एक पेड़ से लटका हुआ मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ट्रक मालिक ने सोशल मीडिया पर अपलोड वीडियो की जानकारी देते हुए चालक के आत्महत्या करने की आशंका जताई थी। इसके बाद पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसकी तलाश शुरू की और मौके से शव बरामद किया।

फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो, सड़क दुर्घटना, कथित मारपीट, धमकी और अन्य परिस्थितियों की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और संबंधित पक्षों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Breaking News