School Campus Encroachment : स्कूल की जमीन पर कब्जे का आरोप…! स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी के खिलाफ ग्रामीणों का मोर्चा…कलेक्टर से लगाई गुहार VIDEO

School Campus Encroachment : स्कूल की जमीन पर कब्जे का आरोप…! स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी के खिलाफ ग्रामीणों का मोर्चा…कलेक्टर से लगाई गुहार VIDEO

सरगुजा, 13 जून। School Campus Encroachment : जिले के अमड़ी गांव में सरकारी स्कूल परिसर की जमीन पर कथित अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी स्वयंबर सिंह ने स्कूल परिसर के भीतर स्थित सरकारी जमीन पर कब्जा कर मकान बना लिया है। मामले को लेकर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और स्कूल परिसर को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की।

ग्रामीणों का कहना है कि यह जमीन स्कूल परिसर का हिस्सा है और यहां अतिक्रमण होने से विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। नया शिक्षा सत्र शुरू होने वाला है, ऐसे में बच्चों के लिए उपलब्ध शैक्षणिक परिसर प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।

कब्जा हटाने का आदेश, लेकिन कार्रवाई नहीं

ग्रामीणों का दावा है कि मामले में अतिक्रमण हटाने के आदेश पहले ही जारी हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद अब तक जमीन को कब्जा मुक्त नहीं कराया जा सका है। इसे लेकर तहसील प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।

कलेक्टर से की हस्तक्षेप की मांग

गांव वालों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर स्कूल परिसर को तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराने, मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

बच्चों के भविष्य का सवाल

ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल परिसर सार्वजनिक संपत्ति है और इसका उपयोग बच्चों की शिक्षा के लिए होना चाहिए। यदि समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो आने वाले दिनों में विद्यार्थियों और स्कूल प्रबंधन को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। फिलहाल ग्रामीणों की शिकायत के बाद प्रशासनिक स्तर पर मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अब सभी की नजर जिला प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।

राज्य खबर