PM Awaas Yojana : पक्के घरों से बदल रही जिंदगी… छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना बनी लाखों परिवारों की नई उम्मीद… गांव-गांव तक पहुंच रहा विकास

PM Awaas Yojana : पक्के घरों से बदल रही जिंदगी… छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना बनी लाखों परिवारों की नई उम्मीद… गांव-गांव तक पहुंच रहा विकास

रायपुर, 13 जून। PM Awaas Yojana : अपना घर हर व्यक्ति का सबसे बड़ा सपना होता है। एक ऐसा आशियाना जहां परिवार सुरक्षित रहे, बच्चों का भविष्य संवर सके और जीवन सम्मान के साथ आगे बढ़े। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में यह सपना अब लाखों परिवारों के लिए हकीकत बन रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना और पीएम-जनमन योजना के माध्यम से प्रदेश के गरीब, वंचित और विशेष पिछड़ी जनजातियों के परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे उनके जीवन में सकारात्मक और स्थायी बदलाव देखने को मिल रहा है।

कच्चे मकानों से पक्के आशियाने तक का सफर

कभी बरसात के मौसम में कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। टपकती छत, कमजोर दीवारें और असुरक्षा का माहौल उनके जीवन का हिस्सा था। आज वही परिवार पक्के और सुरक्षित मकानों में रहकर सम्मानजनक जीवन जी रहे हैं। इन घरों में स्वच्छ पेयजल, शौचालय, बिजली और स्वच्छ ईंधन जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध हो रही हैं, जिससे जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार आया है और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की नई तस्वीर दिखाई दे रही है।

कोई पात्र परिवार न छूटे, सरकार का विशेष अभियान

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की स्पष्ट मंशा है कि प्रदेश का कोई भी पात्र परिवार आवास योजना के लाभ से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से आवास प्लस 2.0 के तहत व्यापक सर्वेक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के जरिए उन परिवारों की पहचान की जा रही है जो किसी कारणवश पहले योजना से नहीं जुड़ पाए थे, ताकि उन्हें भी पक्के घर का लाभ मिल सके।

जशपुर में आवासीय विकास की नई कहानी

मुख्यमंत्री के गृह जिले जशपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना ने विकास और सामाजिक परिवर्तन का नया अध्याय लिखा है। जिले में अब तक 1 लाख 26 हजार 18 आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं, जिनमें से 93 हजार 506 आवास पूर्ण होकर हितग्राहियों को सौंपे जा चुके हैं। हजारों परिवार अब अपने पक्के घरों में सुरक्षित और गरिमामय जीवन व्यतीत कर रहे हैं। यह उपलब्धि ग्रामीण विकास और सामाजिक सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण उदाहरण बनकर सामने आई है।

पीएम-जनमन योजना से जनजातीय परिवारों को मिला नया सहारा

विशेष पिछड़ी जनजातियों के जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए संचालित पीएम-जनमन योजना भी प्रभावी साबित हो रही है। वर्ष 2023 से 2025 के बीच जशपुर जिले में 2,040 आवास स्वीकृत किए गए, जिनमें से 1,494 से अधिक आवास पूर्ण हो चुके हैं। विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा परिवारों को स्थायी और सुरक्षित आवास उपलब्ध होने से उनके जीवन में नई आशा, आत्मविश्वास और स्थिरता का संचार हुआ है।

आवास के साथ विकास की अन्य सुविधाओं का विस्तार

पीएम-जनमन योजना केवल मकान निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जनजातीय समुदायों के समग्र विकास का अभियान बन चुकी है। इसके तहत सुरक्षित आवास के साथ-साथ स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, पोषण, सड़क और दूरसंचार संपर्क जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। साथ ही रोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ाकर जनजातीय समुदायों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

सर्वेक्षण से चिन्हित होंगे नए हितग्राही

जशपुर जिले में आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण के अंतर्गत 1 लाख 2 हजार 371 परिवारों का पुनः सर्वेक्षण किया गया है। पात्रता के आधार पर इन परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा। इससे अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंच सकेगा।

प्रधानमंत्री आवास योजना केवल ईंट और सीमेंट से बने घरों की योजना नहीं है, बल्कि यह गरीब परिवारों को सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य देने का सशक्त माध्यम बन चुकी है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में यह अभियान लगातार गति पकड़ रहा है और हजारों परिवारों के जीवन में खुशियों का नया अध्याय लिख रहा है। पक्के घरों के साथ लोगों को आत्मसम्मान, सुरक्षा और विकास की नई पहचान मिल रही है।

राज्य खबर