बिलासपुर, 13 जून। CG News: रतनपुर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक घनी आबादी वाले इलाके के पास स्थित तालाब में मगरमच्छ के छह नवजात शावक दिखाई दिए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और कौतूहल का माहौल बन गया है।
जानकारी के अनुसार यह घटना धार्मिक नगरी रतनपुर के बिकमा तालाब की है। सुबह ग्रामीण और महिलाएं रोजमर्रा के कार्यों के लिए तालाब पहुंचे थे, तभी उनकी नजर तालाब के किनारे बने एक गड्ढे पर पड़ी, जहां छोटे-छोटे मगरमच्छ के बच्चे हलचल करते दिखाई दिए। नजारा देखकर लोग घबरा गए और तुरंत इसकी सूचना अन्य ग्रामीणों को दी।
कुछ ही देर में यह खबर पूरे गांव में फैल गई और मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने तत्काल मामले की जानकारी पुलिस और वन विभाग को दी।
वन विभाग के अधिकारियों का अनुमान है कि तालाब के आसपास ही मादा मगरमच्छ ने अंडे दिए होंगे, जिनसे ये शावक निकले हैं। विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन की तैयारी में जुट गई है, ताकि सभी शावकों को सुरक्षित रूप से पकड़कर किसी सुरक्षित जलाशय या प्राकृतिक आवास में छोड़ा जा सके।
