रायगढ़ में देह व्यापार रैकेट का भंडाफोड़…चार युवतियां और दो दलाल गिरफ्तार

रायगढ़ में देह व्यापार रैकेट का भंडाफोड़…चार युवतियां और दो दलाल गिरफ्तार

रायगढ़, 12 जून। शहर के चक्रधर नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटे अतरमुड़ा स्थित टीवी टावर इलाके में चल रहे देह व्यापार के एक बड़े रैकेट का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। गुरुवार देर शाम पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने एक किराए के मकान पर छापेमारी कर इस अवैध कारोबार का खुलासा किया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से चार युवतियों और दो दलालों को संदिग्ध हालत में गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए।

जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ समय से टीवी टावर क्षेत्र के रहवासी मकान में लगातार बाहरी लोगों की आवाजाही से परेशान थे। गली में दिन-रात अनजान लोगों के आने-जाने से स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत पुलिस से की थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने जांच के आदेश दिए और एक विशेष टीम गठित की।

इसके बाद नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के नेतृत्व में ट्रैफिक डीएसपी उत्तम सिंह, साइबर सेल और चक्रधर नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गुप्त रूप से इलाके की घेराबंदी की और अचानक छापेमारी की। पुलिस की इस कार्रवाई में किसी को भागने का मौका नहीं मिला।

तलाशी के दौरान पुलिस ने चार युवतियों और दो दलालों को हिरासत में लिया, साथ ही मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह रैकेट कोलकाता और रायपुर जैसे शहरों से युवतियों को बुलाकर किराए के मकानों में संचालित किया जा रहा था।

फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके खिलाफ पीटा एक्ट के तहत मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों की जांच कर रही है कि इसका संबंध किन अन्य शहरों और लोगों से जुड़ा हुआ है।

अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई के बाद शहर में सक्रिय अवैध गतिविधियों में शामिल अन्य लोगों में भी हड़कंप मच गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस नेटवर्क से जुड़े किसी प्रभावशाली या ‘सफेदपोश’ व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है।

क्राइम न्यूज