IIllegal Mineral Mining : ईंट फैक्ट्री में मिला 23 हाईवा रेत का जखीरा… दस्तावेज मांगते ही फंसे संचालक!… खनिज विभाग ने मारी दबिश

IIllegal Mineral Mining : ईंट फैक्ट्री में मिला 23 हाईवा रेत का जखीरा… दस्तावेज मांगते ही फंसे संचालक!… खनिज विभाग ने मारी दबिश

महासमुंद, 11 जून। IIllegal Mineral Mining : जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक चैन माउंटेन मशीन और एक हाईवा वाहन जब्त किया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा और कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देश पर खनिज विभाग द्वारा लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। टोल-फ्री नंबर पर मिली शिकायत के बाद बसना और सरायपाली क्षेत्र में छापेमारी की गई, जहां अवैध रेत परिवहन और भंडारण के मामले सामने आए।

23 हाईवा रेत का अवैध भंडारण मिला

जांच के दौरान ग्राम खेमड़ा स्थित एक फ्लाई ऐश ब्रिक्स निर्माण इकाई में करीब 23 हाईवा रेत का अवैध भंडारण पाया गया। प्रारंभिक जांच के बाद संबंधित संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है और वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

जोंक नदी में चल रहा था अवैध उत्खनन

खनिज विभाग की टीम ने ग्राम लिलेशर और बोईरलामी क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जोंक नदी के भीतर अवैध रूप से खनिज उत्खनन करते हुए एक चैन माउंटेन मशीन और एक हाईवा वाहन को रंगे हाथों पकड़ा गया। दोनों वाहनों को जब्त कर तेन्दुकोना पुलिस की अभिरक्षा में सौंप दिया गया है।

कड़े नियमों के तहत होगी कार्रवाई

खनिज अधिकारी फागुलाल नागेश ने बताया कि सभी मामलों में छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संकल्प

प्रशासन का कहना है कि खनिज संपदा के अवैध दोहन को रोकने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। इस अभियान में सहायक खनिज अधिकारी देवेंद्र साहू, खनिज निरीक्षक मधुलिका मिंज सहित विभागीय अमला सक्रिय रूप से शामिल रहा।

National