Ram Temple Donation Scam : अयोध्या राम मंदिर में 7 करोड़ की चोरी…! चढ़ावा विवाद PMO तक पहुंचा…कथित चोरी पर मांगी गई रिपोर्ट 

Ram Temple Donation Scam : अयोध्या राम मंदिर में 7 करोड़ की चोरी…! चढ़ावा विवाद PMO तक पहुंचा…कथित चोरी पर मांगी गई रिपोर्ट 

अयोध्या, 10 जून। Ram Temple Donation Scam : अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी का मामला अब सीधे प्रधानमंत्री कार्यालय तक पहुंच गया है। 7 करोड़ रुपये की हेराफेरी के आरोपों के बाद PMO ने मंदिर ट्रस्ट से पूरी रिपोर्ट तलब की है। वहीं समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार और ट्रस्ट पर तीखे सवाल दागते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी और करोड़ों रुपये की चोरी के आरोपों ने अब बड़ा राजनीतिक रूप ले लिया है। मामला प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) तक पहुंच चुका है और PMO ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर ट्रस्ट से इस पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

जानकारी के मुताबिक, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने दावा किया है कि राम मंदिर में आए चढ़ावे में करीब 7 करोड़ रुपये की चोरी हुई है। इस मामले में कुछ कर्मचारियों के नाम भी सामने आने की चर्चा है, जिसके बाद जांच तेज कर दी गई है।

PMO ने मांगी पूरी रिपोर्ट

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रधानमंत्री कार्यालय ने बुधवार को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर ट्रस्ट से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। दूसरी ओर मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र भी अयोध्या पहुंचे और ट्रस्ट पदाधिकारियों के साथ बैठक की।

भाजपा नेता ने की CBI जांच की मांग

इससे पहले अयोध्या के भाजपा नेता डॉ. रजनीश सिंह ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर पूरे मामले की CBI या ED से जांच कराने की मांग की थी। उन्होंने पत्र में कहा कि अगर दानराशि के दुरुपयोग, गबन या वित्तीय अनियमितता के आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह सिर्फ आर्थिक अपराध नहीं बल्कि करोड़ों रामभक्तों की आस्था से जुड़ा गंभीर मामला होगा। उन्होंने मांग की कि दानराशि के संग्रहण, गिनती, परिवहन और बैंक में जमा करने की प्रक्रिया का विशेष ऑडिट कराया जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो।

अखिलेश यादव ने पूछे 11 सवाल

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस मामले को लेकर भाजपा सरकार और ट्रस्ट से 11 सवाल पूछे। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर, चढ़ावे में चोरी का पाप करने वालों को कौन बचा रहा है? इस घोटाले का सरगना कौन है? CCTV फुटेज सार्वजनिक क्यों नहीं की जा रही? डबल इंजन सरकार इस मामले में चुप क्यों है? अखिलेश ने आरोप लगाया कि मामले में लगातार विरोधाभासी बयान सामने आ रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं के बीच आशंकाएं और बढ़ गई हैं।

देशभर में चर्चा का विषय बना मामला

राम मंदिर देशभर के करोड़ों हिंदुओं की आस्था का केंद्र है। ऐसे में चढ़ावे में कथित गड़बड़ी की खबरों ने राजनीतिक और धार्मिक दोनों स्तरों पर हलचल पैदा कर दी है। फिलहाल ट्रस्ट की ओर से आधिकारिक रूप से विस्तृत प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।

National