बिहार, 10जून। गयाजी के बेलागंज थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव में शादी के नाम पर एक बड़े ठगी का मामला सामने आया है, जहां राजस्थान के टोंक जिले के रहने वाले संजय पटवा और उनके परिवार से लाखों रुपये की ठगी कर ली गई। शादी की रस्में पूरी होने के बाद दुल्हन और उसका पूरा परिवार गहने, कैश और कपड़े लेकर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, संजय पटवा सोमवार रात अपने परिवार के साथ बारात लेकर दरियापुर गांव पहुंचे थे। दोनों पक्षों की मौजूदगी में हिंदू रीति-रिवाज से शादी की सभी रस्में पूरी की गईं, जिसमें सिंदूरदान भी शामिल था। लेकिन विदाई से पहले दुल्हन पक्ष ने “लड़की कपड़े बदल रही है” कहकर समय लिया और इसी दौरान पूरा परिवार फरार हो गया।
पीड़ित दूल्हे के अनुसार, शादी के दौरान उनसे ₹1.10 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए गए थे, साथ ही दुल्हन को सोने-चांदी के गहने जैसे मंगलसूत्र, अंगूठी और पायल सहित करीब 90 हजार रुपये के आभूषण भी दिए गए थे।
दूल्हे ने बताया कि मंगलवार सुबह विदाई की तैयारी के दौरान दुल्हन को “हल्की साड़ी पहनाने” के बहाने कमरे में भेजा गया, लेकिन कुछ देर बाद जब परिवार ने देखा तो पूरा घर खाली था और सभी लोग फरार हो चुके थे।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इस पूरे मामले की मास्टरमाइंड झारखंड के कोडरमा की रहने वाली पारो नामक महिला है, जिसने शादी का झांसा देकर पूरे परिवार को गयाजी बुलाया था।
घटना की जानकारी मिलते ही दूल्हे ने डायल 112 पर सूचना दी और बेलागंज थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, पीड़ित के पास शादी की तस्वीरें और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के सबूत मौजूद हैं, जिनके आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस अब इस पूरे रैकेट की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
