नई दिल्ली, 8 जून। राजधानी दिल्ली में रविवार को अचानक बदले मौसम के बीच इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बड़ा हादसा टल गया। तेज हवाओं और बारिश के कारण टर्मिनल-2 पर खड़े एअर इंडिया के तीन विमान ग्राउंड सपोर्ट उपकरणों की टक्कर से क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद हवाईअड्डे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हवाईअड्डा संचालक के अनुसार, अचानक आए खराब मौसम की वजह से एअर इंडिया इंजीनियरिंग और इंडिगो के ग्राउंड सपोर्ट उपकरण अपनी निर्धारित जगह से खिसक गए और टर्मिनल-2 पर खड़े विमानों से टकरा गए। सुरक्षा के मद्देनजर तीनों विमानों को तत्काल परिचालन से बाहर कर दिया गया।
संचालक ने बताया कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) की ओर से मौसम में अचानक हुए बदलाव को लेकर एयरलाइंस या हवाईअड्डा प्रबंधन को कोई पूर्व चेतावनी जारी नहीं की गई थी। वहीं, इस घटना पर एअर इंडिया ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है।
सूत्रों के अनुसार, एअर इंडिया के अलावा कुछ अन्य एयरलाइंस के विमान भी खराब मौसम से प्रभावित हुए हैं। प्रभावित तीन विमानों में से दो को जल्द ही दोबारा सेवा में शामिल किए जाने की संभावना है, जबकि तीसरे विमान की मरम्मत में अधिक समय लग सकता है।
दिल्ली में अचानक बदला मौसम
रविवार को दिनभर तेज धूप रहने के बाद शाम के समय दिल्ली के कई इलाकों में मौसम ने अचानक करवट ली। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिसके कारण हवाई संचालन और ग्राउंड गतिविधियां प्रभावित हुईं।
