नई दिल्ली, 08 जून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘प्रधानमंत्री गरीब कल्याण’ से जुड़ी पहलों के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर कहा कि पिछले एक दशक में गरीबों और वंचितों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में तकनीक ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ अब सीधे और पारदर्शी तरीके से लोगों तक पहुंच रहा है।
सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने जन धन खाते, प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी), स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनका उद्देश्य गरीबों को सम्मान और अवसर प्रदान करना रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि डीबीटी और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से सरकारी सहायता सीधे लाभार्थियों तक पहुंच रही है, जिससे बिचौलियों और अनियमितताओं में कमी आई है, कार्यक्षमता बढ़ी है और शासन व्यवस्था पर लोगों का भरोसा मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार की ‘अंत्योदय’ की सोच के तहत विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का लगातार प्रयास किया गया है।
प्रधानमंत्री के अनुसार, गरीब कल्याण का यह अभियान अब मानवीय सशक्तिकरण और ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की दिशा में एक व्यापक जनआंदोलन का रूप ले चुका है।
