प्रदेशभर के तहसीलदार और नायब तहसीलदार अनिश्चितकालीन हड़ताल पर

प्रदेशभर के तहसीलदार और नायब तहसीलदार अनिश्चितकालीन हड़ताल पर

रायपुर, 3जून। छत्तीसगढ़ में नायब तहसीलदार से कथित मारपीट के मामले को लेकर 500 से अधिक तहसीलदार और नायब तहसीलदार अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। कनिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी संघ आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़ा हुआ है। आंदोलन के चलते प्रदेशभर की तहसीलों में कामकाज प्रभावित हो गया है और आम नागरिकों को विभिन्न प्रशासनिक कार्यों के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

संघ का कहना है कि राजस्व विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और शासन स्तर पर हुई बातचीत से कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक मामले में आरोपी भाजपा विधायक और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।

विवाद उस समय और बढ़ गया जब पीड़ित नायब तहसीलदार तुषार मानिक ने स्वयं तथा विधायक रामकुमार टोप्पो का नार्को टेस्ट कराने की मांग की। उनका कहना है कि इससे पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी। दूसरी ओर विधायक ने भी जांच में सहयोग करने और हर प्रकार की जांच के लिए तैयार रहने की बात कही है। दोनों पक्षों द्वारा FIR दर्ज कराए जाने के बाद मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है।

हड़ताल का सीधा असर तहसील न्यायालयों और राजस्व संबंधी सेवाओं पर पड़ रहा है। सीमांकन, नामांतरण, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र सहित कई प्रशासनिक प्रक्रियाएं प्रभावित हुई हैं। कई मामलों में सुनवाई की तारीखें आगे बढ़ाई जा रही हैं, जबकि बड़ी संख्या में फरियादी बिना काम कराए लौटने को मजबूर हैं।

राजस्व निरीक्षक संघ के समर्थन के बाद आंदोलन और व्यापक हो गया है, जिससे प्रदेशभर में सरकारी कामकाज प्रभावित हो रहा है।

राज्य खबर