बेमेतरा, 25मई| छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने राज्य में हाल ही में शुरू हुई ‘नेक्स्ट जेनरेशन डायल-112’ सेवा की जमीनी तैयारी और कार्यप्रणाली को परखने के लिए बेमेतरा हाईवे पर अचानक पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खुद को एक पीड़ित बताकर सड़क दुर्घटना और मारपीट की फर्जी आपातकालीन कॉल कर सिस्टम की प्रतिक्रिया क्षमता का परीक्षण किया।
सूचना पहले से न होने के बावजूद डायल-112 की टीम ने अलर्ट मिलते ही तय समय के भीतर मौके पर पहुंचकर अपनी तत्परता साबित की। मौके पर पहुंचे आपातकालीन दल ने स्थिति का आकलन किया और आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कीं।
निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीएम ने वाहन में मौजूद आधुनिक सुविधाओं जैसे एआई आधारित सिस्टम, जीपीएस ट्रैकिंग, पैनिक बटन और महिला सुरक्षा से जुड़े फीचर्स का भी बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने सेवा की कार्यप्रणाली और तकनीकी एकीकरण की समीक्षा की।
हाल ही में 18 मई को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने प्रदेश में 400 नई जनरेशन डायल-112 वाहनों को हरी झंडी दिखाई थी। इन वाहनों के माध्यम से पुलिस, एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी आपात सेवाओं को एकीकृत प्लेटफॉर्म पर जोड़कर प्रतिक्रिया समय को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
