रायपुर, 22 मई। Bastar : छत्तीसगढ़ के उभरते खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा बस्तर संभाग के जगदलपुर में बालक खिलाड़ियों के लिए पहली आवासीय खेल अकादमी शुरू की जा रही है। यह अकादमी बस्तर संभाग में खेल विभाग की अपनी तरह की पहली पहल होगी।
28 और 29 मई को होगा राज्य स्तरीय चयन ट्रायल
अकादमी में प्रवेश के लिए 28 और 29 मई को दो दिवसीय राज्य स्तरीय चयन ट्रायल आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रदेशभर के 13 से 17 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा दिखा सकेंगे।
फुटबॉल, एथलेटिक्स और आर्चरी के खिलाड़ियों को मिलेगा मौका
अकादमी में शुरुआती चरण में फुटबॉल के लिए 25, एथलेटिक्स के लिए 20 और तीरंदाजी (आर्चरी) के लिए 20 सीटें निर्धारित की गई हैं। चयनित खिलाड़ियों को आधुनिक खेल प्रशिक्षण दिया जाएगा।
धरमपुरा क्रीड़ा परिसर में होगा ट्रायल
चयन प्रक्रिया क्रीड़ा परिसर धरमपुरा में आयोजित होगी। खिलाड़ियों को 27 मई शाम 5 बजे तक आवेदन और आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना होगा। विभाग द्वारा खिलाड़ियों के रहने और भोजन की व्यवस्था भी की जाएगी।
दो चरणों में होगी चयन प्रक्रिया
28 मई को पंजीयन, दस्तावेज परीक्षण, मेडिकल जांच और शारीरिक दक्षता परीक्षण होगा। वहीं 29 मई को खिलाड़ियों के खेल कौशल का परीक्षण किया जाएगा। चयन खेल अकादमी संचालन नियम 2014 के तहत किया जाएगा।
चयनित खिलाड़ियों को मिलेंगी सभी सुविधाएं
अंतिम रूप से चयनित खिलाड़ियों को निःशुल्क आवास, पौष्टिक भोजन, शिक्षा, खेल किट, प्रशिक्षण और दुर्घटना बीमा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। खिलाड़ी अपने जिले के खेल एवं युवा कल्याण विभाग कार्यालय से आवेदन प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही 28 मई को सुबह 7 बजे सीधे धरमपुरा क्रीड़ा परिसर पहुंचकर ऑन स्पॉट रजिस्ट्रेशन भी करा सकेंगे।
