बिलासपुर, 22मई। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सकरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को प्रेम संबंध से जुड़ा एक बड़ा विवाद सामने आया, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया।
जानकारी के अनुसार एक युवक, जो पहले से शादीशुदा बताया जा रहा है, अपनी पत्नी से अलग होकर अटल आवास क्षेत्र में एक युवती के साथ रह रहा था। दोनों के बीच लंबे समय से संबंध थे और उनके साथ एक छोटी बच्ची भी रहती थी।
शुक्रवार को किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो धीरे-धीरे बढ़कर हिंसक विवाद में बदल गई। गुस्से में आकर युवती ने युवक पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग भी इकट्ठा हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को सकरी थाना ले जाया गया। इसके बाद थाना परिसर में दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक समझाइश चलती रही।
बाद में मामला कोर्ट तक पहुंचा, जहां दोनों ने आपसी सहमति से स्टाम्प पेपर पर समझौता कर अलग-अलग रहने का निर्णय लिया।
हालांकि समझौते के बाद भी थाना परिसर में कुछ देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी होती रहीं, हालांकि पुलिस ने शराब सेवन से जुड़ी बातों की पुष्टि नहीं की है।
