कांकेर, 22मई| कांकेर जिले के अंतागढ़ इलाके में तेंदूपत्ता से भरा एक ट्रक बिजली के हाईटेंशन तार की चपेट में आने से आग का गोला बन गया देखते ही देखते ट्रक में भीषण आग लग गई और लाखों रुपये का तेंदूपत्ता समेत पूरा वाहन जलकर खाक हो गया हालांकि, समय रहते ड्राइवर और हेल्पर ने ट्रक से कूदकर अपनी जान बचा ली, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के मुताबिक, मामला अंतागढ़–सोनपुर वन परिक्षेत्र का है ट्रक में हेटारकसा और बोगान फड़ से खरीदा गया तेंदूपत्ता लोड था। बताया जा रहा है कि जैसे ही ट्रक खरीदी केंद्र के पास पहुंचा, वह ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गया। तेंदूपत्ता सूखा होने के कारण आग तेजी से फैल गई और कुछ ही देर में पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना के दौरान ड्राइवर और हेल्पर ने करंट और धुएं का एहसास होते ही तुरंत ट्रक से छलांग लगा दी, जिससे उनकी जान बच गई। हादसे में ट्रक पूरी तरह जल गया और लाखों रुपये के तेंदूपत्ते का नुकसान हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर हादसे का कारण बिजली के तार से संपर्क बताया जा रहा है।
