रायपुर, 24 अक्टूबर। मुCM Vishnu Deo Sai से आज उनके निवास कार्यालय में पंजाब सरकार के राजस्व, पुनर्वास एवं आपदा प्रबंधन मंत्री हरदीप सिंह मुण्डियन और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने सौजन्य मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान पंजाब के मंत्रियों ने मुख्यमंत्री को 9वें सिख गुरु श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। इस आयोजन का उद्देश्य गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान, त्याग और मानवता के प्रति उनके संदेश को जन-जन तक पहुँचाना बताया गया। कार्यक्रम में देशभर से श्रद्धालु, संत महात्मा और विभिन्न राज्यों के गणमान्य नागरिक शामिल होने की संभावना है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने पंजाब सरकार के मंत्रियों द्वारा आमंत्रण के लिए हार्दिक धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि गुरु तेग बहादुर जी के आदर्श धर्म, मानवता और समानता के क्षेत्र में आज भी समाज के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।
मुख्यमंत्री ने दोनों राज्यों के बीच सांस्कृतिक और सामाजिक सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा की और पंजाब सरकार द्वारा आयोजित कार्यक्रम की सफलता के लिए शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि गुरु तेग बहादुर जी का बलिदान सिर्फ सिख समाज ही नहीं बल्कि समस्त मानवता के लिए अमर संदेश है, जिसने हमें सत्य और धर्म की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने की प्रेरणा दी है।
