रायपुर, 19 सितंबर। NHM Employees : छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के कर्मचारियों की लंबे समय से चल रही हड़ताल को लेकर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री श्याम विहारी जायसवाल ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता की। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों की 10 सूत्रीय मांगों में से 4 मांगों को स्वीकार कर लिया गया है, 3 पर कमेटी बनाई गई है और शेष 3 मुद्दों पर उच्च स्तर पर विचार किया जा रहा है।
5 बार हुई बातचीत, फिर भी जारी रही हड़ताल
मंत्री जायसवाल ने बताया कि एक माह की हड़ताल अवधि के दौरान पांच बार संवाद की कोशिशें की गईं। उन्होंने कहा,हेल्थ सेक्रेटरी से लेकर विभाग के हर स्तर पर वार्ता हुई, लेकिन अब भी समस्या बनी हुई है, जो कि बेहद चिंता का विषय है।
कर्मचारियों को समझाने का प्रयास
स्वास्थ्य मंत्री श्याम विहारी जायसवाल ने यह भी बताया कि गुरुवार को हड़ताल खत्म करने को लेकर लगभग सहमति बन गई थी, और उन्हें उम्मीद है कि शुक्रवार से कर्मचारी काम पर लौट आएंगे। उन्होंने आगे कहा कि, हम नहीं चाहते कि किसी का नुकसान हो, लेकिन अनुशासन बनाए रखना भी ज़रूरी है।
25 कर्मियों को बर्खास्त, पर वापसी का रास्ता खुला
मंत्री ने कहा कि हड़ताल के दौरान 25 कर्मचारियों को बर्खास्त किया गया है और कुछ अन्य को एक माह का नोटिस दिया गया है। हालांकि, उन्होंने संकेत दिया कि यदि ये कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर लौटते हैं, तो कार्रवाई पर पुनर्विचार किया जा सकता है।
NHM कर्मचारी तनख्वाह स्थायीकरण, सेवा सुरक्षा और प्रोन्नति जैसी प्रमुख मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। इससे राज्यभर में स्वास्थ्य सेवाओं पर गंभीर असर पड़ा है, खासकर ग्रामीण इलाकों में।
अब आगे क्या?
आज तय होगा कि कर्मचारी ड्यूटी पर लौटते हैं या नहीं। सरकार की ओर से यह साफ संकेत है कि सख्त कार्रवाई भी हो सकती है, और समझौते का रास्ता भी खुला है।

