BILASPUR NEWS
बिलासपुर। बिलासा देवी एयरपोर्ट में एकमात्र महिला हवाई यातायात नियंत्रण अधिकारी फ्लाइट की सुरक्षित लैंडिंग और टेकआफ में अपनी सेवाएं दे रही है। हमारे देश की महिलाओं ने आसमान से लेकर सरहद तक देश का परचम लहराया है। ऐसा कोई क्षेत्र नहीं है जहां महिलाएं अपने कदम आगे नहीं बढ़ा रही हो। अपनी मजबूत इच्छाशक्ति और बुलंद हौसलों के साथ आज की नारी हर क्षेत्र में अपनी काबिलियत का लोहा मनवा चुकी हैं।
छत्तीसगढ़ की बेटी श्रद्धा तिवारी बिलासा देवी केंवट एयरपोर्ट की एकमात्र महिला हवाई यातायात नियंत्रण अधिकारी हैं। उनके द्वारा फ्लाइट को सुरक्षित एवं सकुशल लैंडिंग एवं टेकआफ कराया जाता है। श्रद्धा बिलासा देवी केंवट एयरपोर्ट में नौ नवंबर 2021 से निरंतर अपनी सेवाएं दे रही हैं। विमानन सुरक्षा के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता और हवाई यातायात नियंत्रण की जटिलताओं से निपटने की उनकी उल्लेखनीय क्षमता उन्हें इस क्षेत्र में एक प्रेरणादायक प्रकाश स्तंभ बनाती हैं।