AMMONIA GAS LEAK IN ALIGARH
अलीगढ़। अलीगढ़ के थाना रोरावर क्षेत्र में स्थित स्लॉटर हाउस में रविवार देर शाम अमोनिया गैस का रिसाव होने से हड़कंप मच गया। गैस लीक होने के बाद फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के दौरान फैक्ट्री में काम कर रहे 8 मजदूर बेहोश हो गए, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं। बेहोश लोगों को पास के ही एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

वहीं मौके पर पुलिस प्रशासन के अधिकारी दमकल विभाग के साथ पहुंच गए हैं। दमकल विभाग की टीम गैस लीकेज पर काबू करने का प्रयास कर रही है। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री से निकलने वाली गैस अमोनिया है। वहीं पाइपलाइन में वाल्व से यह गैस बैक मार गई थी, जिसके बाद यह लीकेज हो गई। यह फैक्ट्री फेयर एक्सपोर्ट्स मीट का एक्सपोर्ट करती है।
AMMONIA GAS LEAK IN ALIGARH
मिली जानकारी के अनुसार फेयर स्लॉटर हाउस में देर शाम करीब 7:30 बजे महिला और पुरुष मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक अमोनिया का रिसाव शुरू हो गया। इससे वहां काम कर रही पांच महिलाएं बेहोश होकर गिर गई। थोड़ी ही देर में बाकी मजदूरों की आंखों में भी जलन शुरू ही गई और पुरूष मजदूर भी बेहोश होने लगे। इस पर स्लॉटर हाउस में भगदड़ शुरू हो गई।

जानकारी पर स्लॉटर हाउस संचालकों ने मजदूरों को बाहर निकाला और अमोनिया का रिसाव बंद कराया। अमोनिया के रिसाव की जानकारी मिलते ही प्रसाशनिक और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। एडीएम सिटी अमित कुमार भट्ट ने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। साथ ही अमोनिया के रिसाव की जांच कराई जा रही है।

