Bhopal Fire Inciden: भोपाल में पटाखा दुकान में भीषण आग…लगातार धमाकों से दहला इलाका

Bhopal Fire Inciden: भोपाल में पटाखा दुकान में भीषण आग…लगातार धमाकों से दहला इलाका

भोपाल, 12 जून। Bhopal Fire Inciden:  मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में शुक्रवार तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बैरागढ़ रोड स्थित एक पटाखा दुकान में अचानक आग लगने से लगातार धमाके होने लगे, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें करीब 70 फीट ऊंचाई तक उठती दिखाई दीं। हालांकि घटना तड़के होने के कारण बाजार में भीड़ नहीं थी, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, हलालपुरा क्षेत्र में मुख्य सड़क किनारे स्थित सोनी पटाखा दुकान में सुबह करीब 3:30 बजे आग लग गई। आग लगते ही दुकान में रखे पटाखों में लगातार विस्फोट होने लगे। धमाकों की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी और देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की टीम ने आसपास के क्षेत्र को खाली कराया और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब तीन घंटे से अधिक समय तक चले रेस्क्यू और फायर फाइटिंग ऑपरेशन के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

फायर ऑफिसर इक्तार शाह ने बताया कि सुबह 3:55 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की लगभग 10 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। फतेहगढ़, बैरागढ़, गांधीनगर समेत कई फायर स्टेशनों की टीमों ने संयुक्त रूप से आग बुझाने का काम किया।

अधिकारियों के मुताबिक, आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है।

समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से आसपास की दुकानों और रिहायशी क्षेत्र को बड़ा नुकसान होने से बचा लिया गया। घटना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई और पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल रहा।

Breaking News