गरियाबंद, 12 जून। Murder Case: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से डबल मर्डर का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शोभा थाना क्षेत्र के ग्राम गरीबा में पुरानी रंजिश के चलते एक दंपति की निर्मम हत्या कर उनके शवों को बोरे में भरकर श्मशान घाट में दफना दिया गया। घटना का खुलासा करीब एक सप्ताह बाद होने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान ग्राम गरीबा निवासी राजाराम नेताम और उनकी पत्नी आशो बाई नेताम के रूप में हुई है। मामले में मृतक के पड़ोस में रहने वाले लखीराम नेताम, रघुराम नेताम और नकुल राम नेताम को गिरफ्तार किया गया है।
शोभा थाना प्रभारी पवन वर्मा ने बताया कि 6 जून को पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने राजाराम नेताम और उनकी पत्नी की डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने की नीयत से दोनों शवों को बोरे में भरकर गांव के श्मशान घाट में दफना दिया।
मामले का खुलासा उस समय हुआ जब गांव के एक अन्य व्यक्ति के अंतिम संस्कार के लिए ग्रामीण श्मशान घाट पहुंचे। वहां दो स्थानों पर ताजा खुदाई और दफनाए गए शवों के निशान दिखाई दिए। ग्रामीणों को संदेह हुआ क्योंकि हाल के दिनों में गांव में किसी अन्य व्यक्ति की मृत्यु नहीं हुई थी। इसी दौरान उन्हें पिछले एक सप्ताह से लापता राजाराम नेताम और उनकी पत्नी की याद आई।
संदेह गहराने पर ग्रामीणों ने शोभा थाना में शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और श्मशान घाट में दफन शवों को बाहर निकलवाया। जांच में पुष्टि हुई कि बरामद शव राजाराम नेताम और आशो बाई नेताम के ही हैं।
थाना प्रभारी पवन वर्मा के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा हत्या के कारणों और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच जारी है।
पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा तैयार कर आवश्यक कार्रवाई पूरी कर ली है। शवों के अवशेषों को फॉरेंसिक जांच के लिए रायपुर भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद मामले से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।
एक सप्ताह बाद उजागर हुए इस दोहरे हत्याकांड ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। ग्रामीणों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है, वहीं पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है।
