Korba Fire News: कटघोरा में पटाखा गोदाम में भीषण आग…लगातार धमाकों से दहशत

Korba Fire News: कटघोरा में पटाखा गोदाम में भीषण आग…लगातार धमाकों से दहशत

कोरबा, 10जून। Korba Fire News:कोरबा जिले के कटघोरा नगर क्षेत्र में स्थित पटाखा गोदाम में बुधवार दोपहर को भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और गोदाम में रखे पटाखों तक पहुंचते ही लगातार तेज धमाके होने लगे। धमाकों की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की लपटें काफी ऊंचाई तक उठ रही थीं और कुछ ही देर में पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। पटाखों में विस्फोट शुरू होते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल पूरे क्षेत्र को सील कर दिया और लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की सलाह दी।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। हालांकि, लगातार हो रहे धमाकों के कारण दमकल कर्मियों और बचाव दल को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने गोदाम के आसपास स्थित घरों को खाली करा लिया है। साथ ही किसी भी संभावित दुर्घटना से बचाव के लिए क्षेत्र की बिजली आपूर्ति भी अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है।

फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। गोदाम में मौजूद कर्मचारियों की संख्या और आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Breaking News